Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को विकासखंड सभागार जखोली में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। शिविर में क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनने के साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। शिविर में कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 30 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण के साथ हुई। इसके बाद केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जनकल्याण शिविर एवं बहुद्देशीय सेवा शिविर में प्रभारी मंत्री ने जनता से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी भी ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है जिससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं। नंदवाणगांव के ग्रामीणों ने गांव की सड़क पर नालियों के बंद होने की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान सड़क का पानी खेतों और आवासीय परिसरों में प्रवेश कर रहा है जिससे फसलों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने शीघ्र नाली निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। क्षेत्र पंचायत सदस्य ललिता देवी ने खलियाण बांगर क्षेत्र में हाल ही में हुई अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों के पुनर्निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि संपर्क मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा देवी ने मयाली बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय और नाली निर्माण की आवश्यकता बताते हुए इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग की। बरसिर गांव निवासी सुंदर सिंह रावत ने गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे हैं और इसके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। इस संबंध में उन्होंने एक प्रार्थना पत्र भी सौंपा। प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सभी शिकायतों और मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली जिला भेषज संघ की अध्यक्ष आरती रावत मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्राम प्रधान सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp