Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वीकेंड एवं सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह द्वारा 40 वाहिनी पीएसी एवं पुलिस लाइन रोशनाबाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 450 रिक्रूट आरक्षियों को ब्रीफ किया गया। ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी महोदय ने रिक्रूट आरक्षियों को पर्व ड्यूटी के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण अवधि के दौरान उनकी प्रथम व्यावहारिक ड्यूटी है जिससे उन्हें अधिक सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी को अपने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। एसएसपी ने सभी जवानों को ड्यूटी के दौरान अनुशासित सतर्क एवं जिम्मेदार रहते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए उनकी सहायता करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों घाटों पार्किंग स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों द्वारा रिक्रूट आरक्षियों को पर्व ड्यूटी की कार्यप्रणाली भीड़ नियंत्रण के उपाय तथा आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि आगामी स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp