Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत सरकारी भूमि के संरक्षण सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा तथा विकास कार्यों के लिए उपलब्ध भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद पौड़ी गढ़वाल में प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में विभिन्न तहसीलों में राजस्व अभिलेखों का सत्यापन स्थलीय निरीक्षण तथा चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में तहसील यमकेश्वर अंतर्गत गरुड़ चट्टी से लक्ष्मणझूला तक जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत स्वर्गाश्रम के संयुक्त दल द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक भूमि एवं मार्ग क्षेत्र में किए गए 13 अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के संरक्षण को सुनिश्चित किया गया। तहसील लैंसडाउन के ग्राम सुराड़ी स्थित गमूरों तोक में राजस्व विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान राजकीय भूमि पर किए गए दो अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान एक स्थान पर बने अस्थायी स्टोरनुमा ढांचे तथा दूसरे स्थान पर की गई तारबाड़ को हटाकर भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया। प्रशासन की पहल पर संबंधित व्यक्तियों द्वारा भी सहयोग प्रदान किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 534 के दुगड्डा बाजार क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संयुक्त अभियान चलाया गया। पूर्व में चिन्हित और नोटिस प्राप्त अतिक्रमणों के विरुद्ध विभागीय टीमों ने कार्रवाई करते हुए मार्ग क्षेत्र में स्थापित अस्थायी संरचनाओं को हटाया। अभियान में लोक निर्माण विभाग राजस्व विभाग तथा पुलिस प्रशासन की संयुक्त सहभागिता रही। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में भी अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया गया। नगर निगम प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 12 चिन्हित अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। अभियान के तहत सार्वजनिक मार्गों और आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे अस्थायी ढांचों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया गया। नगर पालिका परिषद पौड़ी क्षेत्र में सार्वजनिक मार्गों को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पोस्ट ऑफिस से बस स्टेशन तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया जिससे आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों की उपयोगिता भी बढ़ी है। तहसील रिखणीखाल के ग्राम जामरी में भी राजस्व भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजकीय भूमि का संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने राजस्व भूमि का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा नए अतिक्रमणों की रोकथाम के लिए सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि जनहित की संपत्ति है और इसके संरक्षण के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। अभियान में राजस्व विभाग पुलिस प्रशासन तथा संबंधित नगर निकायों के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त सहभागिता रही। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से संपादित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp