Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग-जखोली/श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विकासखंड जखोली स्थित ब्लॉक सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों की सीएलपी अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने समूहों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें लखपति दीदी के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य दिया। बैठक के दौरान मंत्री ने सभी अध्यक्षों से उनके समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों उनके विपणन तथा कार्य के दौरान सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। अध्यक्षों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं जिन पर उन्होंने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। भरत सिंह चौधरी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और महिला सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना तथा अन्य स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने आकर्षक पैकेजिंग प्रभावी ब्रांडिंग और बेहतर मार्केटिंग पर विशेष जोर दिया। मंत्री ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल रहा है। उन्होंने सभी स्वयं सहायता समूहों से इस मंच से जुड़कर अपने उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का आह्वान किया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज ऋण सुविधा और तकनीकी प्रशिक्षण में प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही सरस मेलों और विभिन्न प्रदर्शिनियों में समूहों की भागीदारी सुनिश्चित कर उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश की तीन करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जखोली की प्रत्येक महिला आत्मनिर्भर बने और आर्थिक रूप से सशक्त हो इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत जिला भेषज संघ अध्यक्ष आरती रावत बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य वाचस्पति सेमवाल मंडल अध्यक्ष मेहरबान रावत खंड विकास अधिकारी एनआरएलएम के जिला एवं ब्लॉक समन्वयक बड़ी संख्या में सीएलपी अध्यक्ष तथा स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp