Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति से अनुप्राणित गौलक्षय पर्वत एवं इन्द्रगवन की तलहटी में स्थित ग्राम सरणा की पुण्यभूमि पर मां भगवती गौरा देवी मंदिर समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस श्रद्धा भक्ति और धार्मिक उत्साह का अनुपम संगम देखने को मिला। क्षेत्रभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। व्यास पीठ पर विराजमान आचार्य पंडित प्रमोद चमोली ने अपने मुखारविंद से श्रीमद् देवी भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का श्रवण कराते हुए मां आदिशक्ति की महिमा का गुणगान किया। कथा के माध्यम से धर्म संस्कार मानव कल्याण एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया गया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति रस में डूबे नजर आए। कथा शुभारंभ के साथ ही पूरा क्षेत्र जय मां गौरा देवी के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं की अपार आस्था और उत्साह ने आयोजन को दिव्यता प्रदान की। गांव के नवयुवकों ने व्यास पीठ पर विराजमान विद्वान आचार्यों एवं पंडितों का पुष्पमालाओं तथा लक्ष्मी नोटों की मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। मां गौरा देवी के जयघोष वैदिक मंत्रोच्चारण और श्रद्धालुओं की भक्ति से सरणा गांव का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया। इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य पंडित अनुसूया प्रसाद भट्ट आचार्य हरिश बहुगुणा पंडित महेन्द्र जुयाल प्रमोद उनियाल प्रवीन बेलवाल एवं मुकेश नैथानी सहित अन्य विद्वान आचार्यों ने वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन किया। वैदिक मंत्रों की गूंज से सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। खिर्सू ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी ने कार्यक्रम में पहुंचकर व्यास पीठ पर विराजमान कथा वाचक आचार्य प्रमोद चमोली का सम्मान करते हुए उन्हें मुकुट पहनाया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं और समाज में नैतिक मूल्यों सामाजिक समरसता एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी कथा स्थल पर पहुंचे और व्यास पीठ पर नतमस्तक होकर मां भगवती गौरा देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ अभिषेक घिल्डियाल सूरज नेगी एवं विनोद बिष्ट भी उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों को इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कथा के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण किया। महिला मंगल दल युवक मंगल दल एवं समस्त ग्रामवासियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी युवाओं के उत्साह और ग्रामीणों की एकजुटता ने आयोजन को भव्य एवं सफल स्वरूप प्रदान किया। ग्राम सरणा में आयोजित यह धार्मिक महोत्सव केवल आस्था का केंद्र ही नहीं बल्कि सामाजिक एकता सांस्कृतिक संरक्षण और आध्यात्मिक उत्थान का भी प्रेरणास्रोत बन रहा है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में भी कथा श्रवण कर मां भगवती गौरा देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp