Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जनपद चमोली में जनसहयोग और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की सक्रिय कार्यशैली का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। मतदाताओं की जागरूकता तथा बीएलओ की मेहनत से जनपद के तीन मतदान केंद्रों पर मात्र आठ दिनों में ही गणना प्रपत्रों के शत-प्रतिशत वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने इस उपलब्धि पर संबंधित बीएलओ उनकी टीमों तथा सहयोग करने वाले मतदाताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में आमजन की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिन क्षेत्रों में मतदाताओं ने तत्परता दिखाते हुए गणना प्रपत्र भरकर उपलब्ध कराए वहां यह कार्य तेजी से पूरा किया जा सका। उन्होंने सभी मतदाताओं से इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के बूथ संख्या 133 झींझीं में बीएलओ पान सिंह नेगी ने 106 गणना प्रपत्रों का वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया। इसी प्रकार बूथ संख्या 138 पाणा में बीएलओ मोहन लाल सक्सेना ने 394 गणना प्रपत्रों का वितरण एवं डिजिटाइजेशन पूर्ण किया। वहीं विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के बूथ संख्या 38 कोली में बीएलओ हरीश नैनवाल ने 303 गणना प्रपत्रों का वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर निर्धारित लक्ष्य हासिल किया। जिलाधिकारी ने कहा कि इन बूथों की सफलता यह दर्शाती है कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय होने पर किसी भी अभियान को निर्धारित समय से पहले सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है बल्कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने का जनभागीदारी आधारित महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने जनपद के अन्य सभी बीएलओ को भी कार्य में तेजी लाने तथा मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp