Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। एसएमजेएन पीजी कॉलेज हरिद्वार में आयोजित चौथी छह दिवसीय राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप के दूसरे दिन विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने पदक वितरित कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों से 700 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं और दूसरे दिन सर्वाधिक पदक जीतने में लड़कियां आगे रहीं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि तीरंदाजी भारत की प्राचीन खेल पद्धति है, जो शौर्यता और वीरता का प्रतीक रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में इस पारंपरिक खेल को जीवित बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजक आरजेके फाउंडेशन पदाधिकारियों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल मनुष्य को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं तथा राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए। आरजेके संस्था के निदेशक कुलदीप चौहान ने मुख्य विकास अधिकारी का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तराखंड उत्तर प्रदेश झारखंड हरियाणा राजस्थान जम्मू-कश्मीर सहित देश के 27 राज्यों के 700 से अधिक युवा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन आरजेके फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। दूसरे दिन अंडर-13 और अंडर-18 वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया जिसमें लड़कियों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। इस अवसर पर आरजेके संस्था के मुख्य संरक्षक नरेश चौहान संस्था के निदेशक रमेश प्रसाद डॉ.राधिका नागरथ सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल गाजियाबाद की खेल विभागाध्यक्ष प्रतिमा झा अधिवक्ता अतुल बिश्नोई अंतरराष्ट्रीय कोच संदीप डुकलान सूबेदार मेजर हेमचंद्र हरबोला तथा राष्ट्रीय कोच श्रीधर ने भी विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए। श्री बालाजी गौशाला की ओर से सभी विजेता खिलाड़ियों को शुद्ध देसी घी भी वितरित किया गया। प्रतियोगिता के परिणामों में अंडर-13 इंडियन राउंड बालक वर्ग में सौरभ ने स्वर्ण गर्वित ने रजत और सुरजीत ने कांस्य पदक जीता। अंडर-13 बालिका वर्ग में निधि ने स्वर्ण एकता ने रजत और सपना ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-18 इंडियन राउंड बालक वर्ग में योगेंद्र ने स्वर्ण हर्षित ने रजत और गौरव कुमार ने कांस्य पदक जीता। अंडर-18 रिकर्व बालक वर्ग में लवित्रा ने स्वर्ण अतुल धर ने रजत और विराट सुकंडे ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-18 इंडियन राउंड बालिका वर्ग में गरिमा ने स्वर्ण जीविका ने रजत और मानवी ज्वाला ने कांस्य पदक जीता। वहीं अंडर-18 रिकर्व बालिका वर्ग में वरन्या चौहान ने स्वर्ण अमृता दत्त ने रजत और यशविनी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp