Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर-गढ़वाल। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ सैन्य अधिकारी स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी की स्मृति में बुधवार को श्रीनगर स्थित आदिति पैलेस में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत खंडूरी के पुत्र मनीष खंडूरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि यदि समय की महत्ता अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को समझना हो तो स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी का जीवन एक प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि खंडूरी समय के अत्यंत पाबंद थे और अपने सरल सहज तथा सादगीपूर्ण व्यक्तित्व के लिए पूरे प्रदेश में जाने जाते थे। डॉ.रावत ने उनके जीवन से जुड़े कई प्रसंग साझा करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में उच्च पदों पर रहने के बावजूद उन्होंने विनम्रता और अनुशासन को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। इस अवसर पर मनीष खंडूरी ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि राजनीतिक जीवन के शिखर पर पहुंचने के बाद भी उन्होंने परिवार को हमेशा शिक्षा और कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि उनके पिता प्रदेश और देश के विकास को लेकर सदैव चिंतित रहते थे तथा समाज और राष्ट्रहित उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य था। पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल ने भी अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि एक बार वह पौड़ी बस अड्डे पर खंडूरी के स्वागत के लिए पहुंचे थे। उन्हें उम्मीद थी कि पूर्व मेजर जनरल बड़े काफिले के साथ पहुंचेंगे लेकिन जब उन्होंने उन्हें सामान्य यात्रियों की तरह बस से उतरते देखा तो उनकी सादगी से बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी का जीवन जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत नगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल जिला महामंत्री गणेश भट्ट व्यापार सभा अध्यक्ष अनुज जोशी महामंत्री छवि अग्रवाल डॉ.दीपा रावत प्रमिला भंडारी दिनेश असवाल शुभम प्रभाकर दिनेश पटवाल सीमा भंडारी सुरेंद्र सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp