Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में भारत निर्वाचन आयोग से आए प्रधान सचिव एन.टी. भूटिया एवं अभिषेक तिवारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की। बैठक में निर्वाचन कार्यों की प्रगति डिजिटाइजेशन नेटवर्क शैडो क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों तथा मतदान केंद्रों पर चल रहे कार्यों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणना प्रपत्र (ईएफ) वितरण की प्रगति 97.80 प्रतिशत तथा डिजिटाइजेशन की प्रगति 25.68 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि जनपद के 18 बीएलओ अपने-अपने बूथों पर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर चुके हैं। साथ ही 24 नेटवर्क शैडो क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है और प्रत्येक मतदान केंद्र पर डिजिटाइजेशन कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर बीएलए-2 की तैनाती एवं समन्वय की स्थिति की भी समीक्षा की गई है जिससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कम प्रगति वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने विशेष रूप से नेटवर्क शैडो क्षेत्रों पर फोकस करने कम प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रयास करने तथा अधिक मतदाताओं वाले बड़े मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं तथा प्रत्येक स्तर पर सतत मॉनिटरिंग और समन्वय के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाया जाए। बैठक में एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता सूचना विज्ञान अधिकारी शिवम त्रिपाठी ईओ टिहरी वासुदेव डंगवाल तहसीलदार प्राची बीएलओ कृष्णा नौटियाल बीएलओ अंजना भद्री बीएलओ नरेश बिजल्वाण एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp