Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी बीएलओ को निर्धारित समयसीमा के भीतर पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने भरे हुए प्रपत्रों को वापस प्राप्त करने तथा उनका डिजिटाइजेशन कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्रों के वितरण संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति की सूचना प्रतिदिन सायंकाल तक कंट्रोल रूम एवं जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसके लिए आमजन से भी सक्रिय सहयोग अपेक्षित है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डिजिटाइजेशन कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गणना प्रपत्रों के वितरण के साथ-साथ उनका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिजिटाइजेशन कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित अवधि के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-38 राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोली के बीएलओ हरीश नैणवाल द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि हरीश नैणवाल ने सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण करने के साथ ही सभी एन्यूमरेशन फॉर्म का संग्रहण कर मात्र पांच दिनों में उनका डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया जो अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद के कुल 592 बीएलओ द्वारा 2 लाख 95 हजार 623 निर्वाचकों में से 2 लाख 95 हजार 356 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है जो 99.91 प्रतिशत की उल्लेखनीय उपलब्धि है। जिलाधिकारी ने इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य करेंगे। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण भी 7 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 14 जुलाई को किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनका चरणबद्ध निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा। निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र चंद्र सती सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp