Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आज जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने त्रुटियों के सुधार तथा छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान के दौरान आमजन को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार से जुड़ सके। प्रशासन द्वारा अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है जिससे पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से पूर्ण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp