Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग नगर पालिका सभागार में जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका रुद्रप्रयाग के अधिशासी अधिकारी हरेंद्र सिंह चौहान ने की। शिविर में नगर क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 19 शिकायतें और समस्याएं दर्ज कराईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की गई जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले फड़-फेरी व्यवसायियों तथा नगर पालिका के कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने और बेहतर कार्य करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित विशेष शिविर में नगर पालिका कर्मचारियों एवं आमजन का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकार की योजनाओं लाभार्थी सेवाओं तथा जनहित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने लोगों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के बारे में भी जागरूक किया। अधिशासी अधिकारी हरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यह कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका के परियोजना प्रबंधन विशेषज्ञ हिमांशु बहुगुणा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp