Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं सकुशल संचालन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता एसपी क्राइम एवं नोडल अधिकारी निशा यादव ने की। ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी एवं एसपी देहात ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए पुलिस कर्मियों को परीक्षा के दौरान सतर्कता बरतने और प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी में नियुक्त जवानों को निर्देशित किया कि वे मेटल डिटेक्टर सहित अन्य आवश्यक उपकरण समय पर प्राप्त कर लें और निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर लें ताकि सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जा सकें। जनपद हरिद्वार में नीट परीक्षा के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 8 केंद्र ग्रामीण क्षेत्र तथा 4 केंद्र नगर क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं। परीक्षा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे परीक्षा क्षेत्र को 5 जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर की निगरानी के लिए पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। परीक्षा केंद्रों पर अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थित परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार गश्त कर संदिग्ध एवं आपराधिक तत्वों पर निगरानी रखेंगे। वहीं जोनल प्रभारी के रूप में नियुक्त क्षेत्राधिकारी सभी सेक्टरों की लगातार मॉनिटरिंग करेंगे। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp