Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला प्रशासन एवं आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रन फॉर योग रैली का आयोजन किया गया। रैली में युवाओं छात्र-छात्राओं अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। रैली को एजेंसी चौक से स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी तथा अपर जिलाधिकारी एफ.आर.चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली एजेंसी चौक से प्रारंभ होकर माल रोड बस अड्डा धारा रोड और कलेक्ट्रेट परिसर होते हुए पुनः एजेंसी चौक पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने योग के महत्व से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया तथा नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ मन को शांत और जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि वर्तमान व्यस्त जीवनशैली में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है जो व्यक्ति को शारीरिक मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं की सहभागिता देखने को मिली। प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.शैलेंद्र पांडेय जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ.राकेश सेमवाल खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp