प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में श्रीनगर पुलिस ने डूंगरीपंथ वन विभाग चेक पोस्ट के समीप शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका के चलते दिल्ली के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 21 जून 2026 को सूचना मिली कि डूंगरीपंथ वन विभाग चेक पोस्ट के पास दो युवकों के कारण हो-हल्ला हो रहा है और क्षेत्र में शांति भंग होने की प्रबल संभावना बनी हुई है। सूचना मिलते ही श्रीनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान आयुष कुमार और मोहम्मद जैद के रूप में हुई है। दोनों नई दिल्ली के जैतपुर क्षेत्र के निवासी हैं और उनकी उम्र 19 वर्ष है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दोनों युवकों की बाइक भी सीज कर दी। पुलिस के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों युवकों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। साथ ही मामले में किसी पक्ष से तहरीर प्राप्त होने पर अलग से आवश्यक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। गिरफ्तार युवक आयुष कुमार निवासी एस-38 जैतपुर नई दिल्ली। मोहम्मद जैद निवासी एस-38 जैतपुर नई दिल्ली। पुलिस टीम उपनिरीक्षक विजय शैलानी चौकी प्रभारी कलियासौड़ थाना श्रीनगर। कांस्टेबल संतराम चौहान चौकी कलियासौड़ थाना श्रीनगर।
ऑपरेशन प्रहार के तहत श्रीनगर पुलिस की कार्रवाई शांति भंग करने की आशंका पर दिल्ली के दो युवक गिरफ्तार
