Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद हरिद्वार में विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों की धूम रही। इसी क्रम में हरिद्वार पुलिस द्वारा पुलिस लाइन रोशनाबाद में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास किया। योग शिविर का उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं भावी पीढ़ी को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए योग के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को योग के महत्व उसके वैज्ञानिक लाभों तथा नियमित योगाभ्यास से मिलने वाले शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी फायदों की जानकारी दी गई। योग शिविर में देव संस्कृति विश्वविद्यालय तथा गायत्री परिवार शांतिकुंज के अनुभवी योग आचार्यों एवं प्रशिक्षकों ने पुलिस कर्मियों और रिक्रूट आरक्षियों को विभिन्न योगासन प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने योग करने का सही तरीका बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त रखने के साथ-साथ शारीरिक क्षमता और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में भी सहायक होता है। योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने नियमित व्यायाम करने तथा योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ तन-मन एवं सकारात्मक जीवनशैली का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिसार निरीक्षक प्रवीन आलोक ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं गायत्री परिवार शांतिकुंज से आए योग आचार्यों और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। उन्होंने कहा कि योग आज समय की आवश्यकता बन चुका है और पुलिस कर्मियों के लिए यह तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी मानसिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। प्रशिक्षण टीम में देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं गायत्री परिवार शांतिकुंज से अजय त्रिपाठी डॉ.कमल किशोर यादव डॉ.इन्द्राणी त्रिवेदी अकुला ज्योतिका श्रेया तथा वंशिका शामिल रहे जिन्होंने प्रतिभागियों को योग की विभिन्न क्रियाओं की बारीकियों से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp