Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग नीना अग्रवाल की अध्यक्षता में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों अधिवक्ताओं न्यायालय कर्मचारियों तथा अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीना अग्रवाल ने कहा कि योग जीवन के सभी पहलुओं के बीच संतुलन स्थापित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि योग शरीर मन और आत्मा का समन्वय है तथा यह प्राचीन भारतीय अनुशासन शारीरिक लचीलेपन और शक्ति को बढ़ाने के साथ-साथ एकाग्रता एवं आत्मनियंत्रण को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता सुदृढ़ होती है तथा शरीर में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है। योग कार्यक्रम के साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विशेष स्वच्छता जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। यह अभियान जजशिप रुद्रप्रयाग परिसर से प्रारंभ होकर कोटेश्वर मंदिर परिसर तक संचालित किया गया। अभियान में न्यायिक अधिकारियों अधिवक्ताओं कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस दौरान लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत अधिवक्ताओं एवं जजशिप रुद्रप्रयाग के कर्मचारियों के बच्चों के लिए योग विषयक निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के महत्व उसके लाभों और सकारात्मक प्रभावों को अपने विचारों एवं कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अशोक कुमार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) पायल सिंह सिविल जज (जूनियर डिवीजन) विकास कुमार बार एसोसिएशन रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष प्रदीप जगवाण सचिव महावीर सिंह बुटोला बार एसोसिएशन के अधिवक्तागण मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रोशन लाल बंशलवाण प्रधान सहायक ममता रमोला सहित न्यायालय के सभी कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली नियमित योगाभ्यास और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp