Spread the love

प्रदीप कुमार
सतपुली-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सतपुली क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बोलेरो वाहन पर अचानक बोल्डर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। थाना सतपुली को सूचना मिली कि सतपुली मल्ली के समीप बोलेरो वाहन संख्या UP 16EU 7595 पर अचानक एक बड़ा बोल्डर गिर गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सतपुली पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य के लिए एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया। संयुक्त टीम ने कटर की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भिजवाया जहां घायलों का उपचार चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में तीन लोग सवार थे। हादसे में श्रीकांत (45 वर्ष) निवासी दिल्ली की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि उदय (40 वर्ष) और सरनजीत (61 वर्ष) निवासी दिल्ली घायल हो गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार तीनों दिल्ली से धारी देवी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। सतपुली के निकट अचानक पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर वाहन पर गिर गया जिससे यह हादसा हो गया। मृतक की पहचान श्रीकांत पुत्र माधवन उम्र 45 वर्ष निवासी बी-4/201 बी केशवपुरम दिल्ली मूल निवासी केरल के रूप में हुई है। घायलों में उदय पुत्र रतन उम्र 40 वर्ष मूल निवासी पश्चिम बंगाल हाल निवासी दिल्ली तथा सरनजीत पुत्र भगवान सिंह उम्र 61 वर्ष निवासी जहांगीरपुर दिल्ली शामिल हैं। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp