Spread the love

प्रदीप कुमार
थलीसैंण/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात से पूर्व सभी सड़क एवं निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। थलीसैंण प्रवास के दौरान डॉ.धन सिंह रावत ने पटवारी चौकी के सुधारीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके बाद आयोजित ग्राम प्रहरियों की बैठक में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में ग्राम प्रहरियों की सक्रिय भूमिका पर बल दिया। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से गांव-गांव में जनजागरूकता फैलाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया। ग्राम प्रहरियों ने इस पहल के लिए कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया। ब्लॉक सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री ने उपजिलाधिकारी खंड विकास अधिकारी अधिशासी अभियंताओं नगर पंचायत अध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक के दौरान डॉ.रावत ने थलीसैंण क्षेत्र के जल्लू संपर्क मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। लगभग 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए आवागमन को अधिक सुगम बनाएगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार गांव गरीब और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि थलीसैंण सहित पूरे क्षेत्र में सड़क पेयजल स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्ण त्रिपाठी खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोठियाल तहसीलदार शंकर सिंह नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप जल संस्थान के जूनियर इंजीनियर राहुल टोलिया डीपीओ मनरेगा योगेश रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp