Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में प्रदेश में “सेवा सुशासन एवं समर्पण” थीम के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले “सेवा सप्ताह” के सफल आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवा सप्ताह के दौरान प्रस्तावित कार्यक्रमों जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि प्रदेशभर की तरह जनपद टिहरी गढ़वाल में भी 4 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक “सेवा सप्ताह” मनाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार कौशल विकास रेल सड़क उद्योग लघु एवं सूक्ष्म उद्योग कृषि उद्यान पशुपालन महिला एवं युवा कल्याण सैनिक कल्याण स्वास्थ्य तथा शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। जनसेवा शिविरों के दौरान चिकित्सा शिविर दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर तथा सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 4 जुलाई को अपराह्न 12:30 बजे मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि शिविरों के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव भी साझा कराए जाएंगे ताकि अन्य लोग भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो सकें। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण पोषण मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी भी जनसामान्य को उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा सप्ताह के सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए उनका सफल एवं प्रभावी आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारी खंड विकास अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp