Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुगम सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने शुक्रवार को कांवड़ मार्ग एवं प्रस्तावित यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने धनोरी तिरछा पुल से लेकर दामाद नहर पुल (पुरकाजी) तक कांवड़ पटरी का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही शांतरशाह से सालियर तक प्रस्तावित नवनिर्मित हाईवे का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने रुड़की देहात क्षेत्र के सभी प्रस्तावित डायवर्जन प्वाइंटों का निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को हाईवे से जुड़े सभी निर्माण एवं अन्य कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक मंगलौर पुलिस उपाधीक्षक भगवानपुर तथा निरीक्षक यातायात भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp