Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में सेवा सुशासन एवं समर्पण की भावना को समर्पित सेवा पखवाड़े का शुभारंभ शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया तथा मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों अधिकारियों कर्मचारियों एवं आमजन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार के पांच वर्ष सेवा सुशासन और समर्पण को समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता सख्त नकल विरोधी कानून भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पौड़ी जैसे विशाल जनपद में इस प्रकार के कार्यक्रम प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं का समाधान पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा शासन की सेवाओं को प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाना संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता धरातल पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम मिले हैं और सेवा पखवाड़ा भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आमजन से 19 जुलाई तक ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि जनसेवा ही जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से छूटे हुए पात्र लाभार्थियों विशेषकर कृषि एवं आजीविका से जुड़े लोगों को चिन्हित कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है और उत्तराखंड विकसित राज्य बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला ने कहा कि सेवा पखवाड़ा जैसे कार्यक्रम शासन की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनपद का कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा तथा सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर प्रत्येक जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे। नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी ने सेवा सुशासन एवं समर्पण की भावना पर आधारित इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल शासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करेगी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। बाल विकास विभाग ने पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। पशुपालन विभाग ने दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गाय पालन और बॉयलर फार्मिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील लाभार्थियों को सम्मानित किया। कृषि विभाग ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। सामाजिक समावेशन एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण के तहत पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम सहायक उपकरण वितरित किए गए जिससे उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बनाया जा सके। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए गए जहां अधिकारियों ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार की उपलब्धियों विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया गया। सांस्कृतिक दलों ने सेवा सुशासन उत्तराखंड की लोक संस्कृति और जनजागरण पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार डीएफओ महातिम यादव मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एस.एम.शुक्ला परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष अशोक संस्कृति साहित्य कला अकादमी के सदस्य राकेश नौडियाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि वीरेंद्र खंकरियाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp