Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को विधानसभा संख्या-35 हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या-32,33 एवं 34 का स्थलीय निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे मतदाता सूची संबंधी कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी तहसीलदार हरिद्वार संबंधित बीएलओ तथा स्थानीय मतदाताओं से बातचीत कर गणना प्रपत्र (फॉर्म) के वितरण एवं संग्रहण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान मतदेय स्थल संख्या-32 की बीएलओ विनीता शर्मा ने बताया कि कुल 1118 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं जिनमें से 330 प्रपत्र अभी तक प्राप्त नहीं हो सके हैं। उन्होंने बताया कि इस मतदेय स्थल में चंडीपुल के निकट स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र भी शामिल है जहां मतदाताओं तक पहुंचने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। मतदेय स्थल संख्या-33 की बीएलओ मनोरमा ने जानकारी दी कि यहां 1020 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं जिनमें से 195 प्रपत्र अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में भी चंडीपुल के आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले मतदाता शामिल हैं। मतदेय स्थल संख्या-34 की बीएलओ हेमा जोशी ने बताया कि कुष्ठ आश्रम स्थित इस मतदेय स्थल पर 286 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं जिनमें से 104 प्रपत्र अभी तक प्राप्त नहीं हो सके हैं। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए गणना प्रपत्रों का समयबद्ध संग्रहण किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बीएलओ को क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर शेष मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने तथा पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने मतदाताओं से भी अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में सजगता के साथ बूथ लेवल अधिकारियों का पूर्ण सहयोग करें ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार तहसीलदार सचिन कुमार संबंधित बीएलओ एवं स्थानीय मतदाता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp