Spread the love

प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग/चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। कर्णप्रयाग क्षेत्र में बिजली लाइन निर्माण के लिए रखी गई लगभग आठ लाख रुपये मूल्य की विद्युत सामग्री चोरी करने वाले चार आरोपियों को कर्णप्रयाग पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त छोटा हाथी (लोडर) वाहन भी जब्त कर लिया है तथा चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। टी.एस.पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साइट इंजीनियर नकुल कुमार निवासी जमुई (बिहार) ने कोतवाली कर्णप्रयाग में सूचना दी कि आर.डी.एस.एस.परियोजना के अंतर्गत कर्णप्रयाग क्षेत्र के नौटी पुडियाणी और जाख गांवों में बिजली लाइन बदलने के लिए साइट पर रखी लगभग 1100 मीटर पीवीसी (एबीसी) केबल तीन से चार कुंतल एल्युमीनियम वायर तथा हार्डवेयर सामग्री अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर ली गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर मामला दर्ज कर क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास गहन छानबीन करते हुए मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान देर रात एक संदिग्ध छोटा हाथी (लोडर) वाहन की आवाजाही सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौचर पुलिस चौकी पर संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन से चोरी गई पूरी विद्युत सामग्री बरामद कर ली गई तथा घटना में शामिल चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय मो.दानिश पुत्र राशिद निवासी ग्राम महमूनपुर टिगरी थाना भोजपुर जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) 20 वर्षीय चाँद मोहम्मद पुत्र इलियास निवासी महमूनपुर टिगरी थाना भोजपुर जनपद मुरादाबाद 30 वर्षीय फरमान पुत्र बाबूखान निवासी ग्राम सैमरी थाना राजपुरा जनपद सम्भल (उत्तर प्रदेश) तथा 23 वर्षीय सुएब पुत्र सालउद्दीन निवासी ग्राम शिकारपुर थाना शिकारपुर जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी लोडर वाहन (यूपी 14 एसटी 4911) आठ बंडल पीवीसी (एबीसी) केबल वायर सात बंडल एल्युमीनियम वायर तथा चार कट्टे हार्डवेयर एसेसरीज बरामद की हैं। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग आठ लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाई उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल अपर उपनिरीक्षक विजय जखमोला अपर उपनिरीक्षक गणेश कुमार हेड कांस्टेबल अशोक रावत हेड कांस्टेबल हनुमंत तथा कांस्टेबल सुशील कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp