Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत सेवा पखवाड़े के दूसरे दिन रविवार को विकासखंड पौड़ी सभागार में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। मुख्य अतिथि उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित यह अभियान शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। मुख्यमंत्री के जनसेवा के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़ा 19 जुलाई तक चलेगा जिसमें लोगों को विभिन्न विभागों की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करायी जा रही हैं। इससे समय और धन की बचत होने के साथ-साथ अनावश्यक कार्यालयी प्रक्रियाओं से भी राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में अभियान के प्रथम चरण से पाँच लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसे शिविर लोगों तक सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता अपनाने तथा स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि जनपद में कृषि बागवानी और जैविक खेती की अपार संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं के समन्वय से किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों को कृषि खाद्य प्रसंस्करण उद्यान होम-स्टे एवं अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया तथा युवाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित कर पलायन रोकने की दिशा में आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगराण पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय बीडीओ दृष्टि आनंद एबीडीओ दिनेश नेगी डीपीओ दीपक नेगी एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल ब्लॉक मिशन मैनेजर विजय बिष्ट एनआरएलएम समन्वयक प्रियंका कठैत संगीता रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp