Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपदभर में अग्निसुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फायर सर्विस की टीम लगातार फायर सेफ्टी ऑडिट और निरीक्षण अभियान चला रही है। इसी क्रम में फायर यूनिट श्रीनगर द्वारा यूनिटी स्क्वेयर और जैन कॉम्प्लेक्स का विस्तृत फायर सेफ्टी ऑडिट एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फायर यूनिट की टीम ने भवनों में स्थापित प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों आपातकालीन निकास मार्गों अग्निशमन संसाधनों तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। ऑडिट के दौरान जहां-जहां कमियां पाई गईं उन्हें शीघ्र दूर करने तथा निर्धारित अग्निसुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। फायर सर्विस टीम ने परिसर में कार्यरत कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों को अग्निकांड की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी। उन्हें प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग आपातकालीन निकासी प्रक्रिया आपदा के समय संयम बनाए रखने तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। फायर यूनिट श्रीनगर ने बताया कि जनपद में सार्वजनिक भवनों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर समय-समय पर फायर सेफ्टी ऑडिट एवं जागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाएंगे ताकि अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके और सभी प्रतिष्ठानों में अग्निसुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp