Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड मुख्यालय भगवानपुर सभागार में सेवा पखवाड़ा शिविर के साथ तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने की। शिविर में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और 1435 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर एवं तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 40 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराई गईं जिनमें से 16 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। शिविर में भूमि विवाद अतिक्रमण विद्युत पेयजल शिक्षा सिंचाई जल निकासी सहित अनेक विषयों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। मेनपाल सैनी निवासी बिंडू खड़क ने संपत्ति पर्ची में पिता का नाम संशोधित कर नई संपत्ति पर्ची जारी करने की मांग की। प्रमोद कुमार निवासी बढ़ेड़ी बुजुर्ग ने पैतृक मकान का ताला तोड़कर सामान निकालने एवं मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग रखी। ग्राम सरठेड़ी शाहजहांपुर एवं अलीपुर खतौला के किसानों ने बंद चकमार्ग की पैमाइश निशानदेही और मार्ग बहाल करने की मांग की। रामपाल निवासी मोहितपुर ने चकमार्ग से अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य अंजू देवी ने आबादी क्षेत्र से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन एवं सड़क के बीच स्थित ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग रखी। संजय कुमार निवासी नगर पंचायत खानपुर ने विकास कार्यों में अनियमितताओं की लंबित जांच पूरी कर कार्रवाई करने की मांग की। रोहित कुमार ने पांच माह का बकाया वेतन दिलाने तथा ग्राम प्रधान मोहम्मद मुस्तफा ने चकबंदी प्रकरण में लंबित स्थलीय निरीक्षण शीघ्र कराने की मांग उठाई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे करना तथा पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर एवं तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। राज्य मंत्री एवं सेवा सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़ा प्रभारी सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस अभियान का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने लोगों से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है बल्कि सुशासन पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है जो प्रदेश की बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। शिविर में स्वास्थ्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कृषि उद्यान पशुपालन समाज कल्याण महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास पंचायतीराज ग्रामीण विकास ऊर्जा पेयजल आयुष शिक्षा श्रम उद्योग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया तथा उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना प्रधानमंत्री आवास योजना प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वरोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में प्रतिनिधि पंचायतीराज मंत्री एवं भाजपा प्रवक्ता सुशील त्यागी लोकसभा संयोजक देवी सिंह राणा उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी जिला विकास अधिकारी के.के. पंत सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा जिला समाज कल्याण अधिकारी सुभाष शर्मा खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जोशी तहसीलदार भगवानपुर दयाराम जनप्रतिनिधि संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp