Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में ऑपरेशन प्रहार के तहत कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अवैध शस्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद चाकू को जब्त करने के साथ ही प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया। पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में मंगलवार को कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस टीम जाजल के पास बेमुंडा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस टीम को देखकर घबराकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता एवं सतर्कता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनू गुरुंग पुत्र प्रेम बहादुर निवासी ग्राम शिवलोक कॉलोनी लाल थप्पड़ थाना डोईवाला जनपद देहरादून बताया। पुलिस पूछताछ के दौरान वह चाकू रखने का कोई वैध लाइसेंस अथवा संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया तथा प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। इसके बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। टिहरी पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत जनपद में अवैध शस्त्र रखने वाले व्यक्तियों असामाजिक तत्वों तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आमजन की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। गिरफ्तार अभियुक्त सोनू गुरुंग पुत्र प्रेम बहादुर निवासी ग्राम शिवलोक कॉलोनी लाल थप्पड़ थाना डोईवाला जनपद देहरादून बरामदगी एक अवैध धारदार चाकू सीज वाहन एक मोटरसाइकिल गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम उपनिरीक्षक यशवंत सिंह खत्री हेड कांस्टेबल राकेश छाबड़ी एवं हेड कांस्टेबल आनंद सिंह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp