Spread the love

प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली सिडकुल पुलिस ने लोकपाल कार्यालय परिसर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और हंगामे के मामले में 13 लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को थाना सिडकुल क्षेत्र स्थित लोकपाल कार्यालय में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में शोर-शराबा करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने सभी लोगों को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन दोनों पक्ष नहीं माने और एक-दूसरे के साथ मारपीट करने पर उतारू रहे। सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और कानून व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों के कुल 13 लोगों को हिरासत में ले लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों में परवेज पुत्र इकराम राशिद पुत्र रियासत अकील अहमद पुत्र कासिम फिरोज पुत्र मुमताज मोहम्मद अखलद पुत्र सुल्तान तौकीर पुत्र खलील अहमद सोहेल पुत्र फैजान मुजफ्फर पुत्र याकूब दाऊद पुत्र इरफान अहमद इंतजार पुत्र याकूब समी पुत्र फैजान उस्मान पुत्र इरफान तथा हाक्कम पुत्र याकूब शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी पीरपुरा तथा घोसीपुर थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार के निवासी हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह चौहान अपर उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र शाह हेड कांस्टेबल गजेन्द्र राजपूत कांस्टेबल मनीष कांस्टेबल ऋतेन्द्र तथा कांस्टेबल प्रदीप शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने तथा कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp