Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रुड़की क्षेत्र से लगभग दो करोड़ रुपये कीमत की 980 ग्राम अवैध हैरोइन बरामद करते हुए पंजाब निवासी एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस मामले में हैरोइन की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में अवैध नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 6 जुलाई 2026 को कोतवाली गंगनहर पुलिस लाठरदेवा अंडरपास क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठा एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबराकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हैरोइन बरामद की। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह पुत्र दलवीर सिंह निवासी ग्राम नारली थाना खालड़ा जिला तरणतारण (पंजाब) उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से किसी नशा तस्कर से यह हैरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के उद्देश्य से लाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किस तस्कर से खरीदी गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार बरामद 980 ग्राम हैरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की बरामदगी को हरिद्वार पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा बेचने वालों के साथ-साथ इसकी खरीद-फरोख्त और सप्लाई चेन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी पुरानी तहसील पंकज कुमार हेड कांस्टेबल यूनुस बेग हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी कांस्टेबल देवेश सिंह तथा कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp