Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद की 1163 ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के लिए आगामी 15 जुलाई 2026 को निर्वाचन कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना जारी करते हुए संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों के मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील भी की है। जिलाधिकारी ने बताया कि उप प्रधान पद के लिए निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर संपन्न कराई जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच की जाएगी। दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी जबकि 12:30 बजे से 1:00 बजे तक प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके उपरांत दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा शाम 4:00 बजे से मतगणना शुरू होगी जो परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण का समयबद्ध एवं नियमों के अनुरूप पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष स्वतंत्र और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि जनपद की कुल 1166 ग्राम पंचायतों में से 1163 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। शेष तीन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद रिक्त होने के कारण पहले प्रधान पद का निर्वाचन कराया जाएगा। इसके बाद उन ग्राम पंचायतों में उप प्रधान एवं पंचायत सदस्यों के निर्वाचन की कार्रवाई नियमानुसार संपन्न की जाएगी। जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता सुरक्षा व्यवस्था तथा चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp