प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड मुख्यालय लक्सर के सभागार में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी की अध्यक्षता में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया जहां 1130 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा 386 लाभार्थियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 30 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष 10 शिकायतों को त्वरित कार्रवाई एवं निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन चुका है जिससे सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं और जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान इसका सशक्त उदाहरण है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को उनके क्षेत्र में ही सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है तथा उनकी समस्याओं का भी त्वरित समाधान किया जा रहा है। राज्य मंत्री ओमप्रकाश जगदम्बानी ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य मंत्री डॉ.जयपाल सिंह चौहान ने राज्य सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी देते हुए सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून को प्रदेश के युवाओं एवं आमजन के हित में ऐतिहासिक कदम बताया। शिविर में 23 विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कृषि विभाग ने पांच प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। ग्राम्य विकास विभाग ने पांच स्वयं सहायता समूहों को तीन लाख रुपये के सीसीएल चेक वितरित किए तथा तीन ग्रामोद्योग उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उद्योग विभाग ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत नौ उद्यमियों का पंजीकरण किया तथा एक लाभार्थी को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र प्रदान किया। बाल विकास विभाग ने पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित कर सम्मानित किया। सेवा पखवाड़ा शिविर के माध्यम से प्रशासन ने एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित किया। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता ब्लॉक प्रमुख डॉ.हर्ष कुमार दौलत पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमरीश गर्ग जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा चौधरी जसवीर सिंह प्रदेश महामंत्री ओबीसी मोर्चा राजवीर सिंह कश्यप प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा महेंद्र धीमान विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्राम प्रधान जनप्रतिनिधि संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
