Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने आगामी हरेला पर्व की तैयारियों को लेकर वर्चुअल माध्यम से मंडल के सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले व्यापक पौधरोपण महाभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी जिलों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि हरेला केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने निर्देश दिए कि पौधों को गमलों में तैयार कर स्थानीय लोगों को वितरित किया जाए ताकि वे उन्हें अपने घरों अथवा उपयुक्त स्थानों पर रोपित कर सकें। उन्होंने सभी नागरिकों को कम से कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। साथ ही उद्यान विभाग को विभागवार लक्ष्य के अनुरूप पर्याप्त संख्या में फलदार एवं औषधीय पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में चमोली रुद्रप्रयाग एवं उत्तरकाशी के जिलाधिकारियों को चारधाम यात्रा मार्ग तथा धामों के आसपास भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में रामबांस नेपियर घास तथा भूस्खलन रोकने में सहायक अन्य प्रजातियों का रोपण किया जाए। उन्होंने स्लाइडिंग जोन में पौधरोपण से पूर्व बायो-इंजीनियरिंग विशेषज्ञों की सलाह लेने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी टिहरी निकिता खंडेलवाल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई के माध्यम से जिन सड़क मार्गों पर क्रैश बैरियर नहीं हैं वहां विशेष रूप से वृक्षारोपण कराया जाएगा। वहीं जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य ने जानकारी दी कि नेताला क्षेत्र के भूस्खलन प्रभावित स्थानों पर रामबांस का रोपण किया जाएगा। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को पौधरोपण स्थलों का चयन जियो-टैगिंग आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा पौधरोपण के बाद पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरेला दिवस पर सभी विभागों जनप्रतिनिधियों शिक्षण संस्थानों स्थानीय निकायों स्वयं सहायता समूहों स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी देहरादून डॉ.आशीष चौहान टिहरी निकिता खंडेलवाल उत्तरकाशी प्रशांत आर्य पौड़ी स्वाति एस.भदौरिया रुद्रप्रयाग विशाल शर्मा चमोली के मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी तथा हरिद्वार के प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्नित अनिरुद्ध जुड़े। आयुक्त कैंप कार्यालय में मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी अशोक जोशी प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल महातिम यादव सिविल एवं सोयम प्रभाग के पवन नेगी अपर निदेशक माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा प्रमेन्द्र कुमार बिष्ट जिला पंचायत राज अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp