Spread the love

प्रदीप कुमार
तपोवन-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में तपोवन क्षेत्र स्थित होटल होम-स्टे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट एवं निरीक्षण किया गया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। निरीक्षण के दौरान होटल एवं होम-स्टे में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता विद्युत कनेक्शनों की सुरक्षा अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा कर्मचारियों की आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की विस्तार से जांच की गई। साथ ही आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) व्यवस्था का परीक्षण कर संचालकों को निर्देश दिए गए कि निकास मार्ग हमेशा अवरोधमुक्त रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में उसका प्रभावी उपयोग किया जा सके। अग्निकांड की स्थिति में त्वरित कार्रवाई प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं सही उपयोग तथा अन्य आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपायों के संबंध में होटल एवं होम-स्टे संचालकों और कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्हें नियमित रूप से अग्निशमन उपकरणों की जांच कराने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी गई। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन एवं पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनपद में समय-समय पर होटल होम-स्टे और अन्य प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट एवं जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जाता रहेगा ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp