Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड सभागार दशोली में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस दौरान कृषि उद्यान एवं पशुपालन जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों नीतियों और योजनाओं का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष राम चन्द्र गौड़ ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रमाण-पत्र तथा अन्य लाभकारी सामग्री भी वितरित की गई। शिविर में कुल 26 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। शिविर के माध्यम से कुल 174 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ मिला। कृषि विभाग ने 16 लाभार्थियों को कृषि यंत्र वितरित किए जबकि उद्यान विभाग ने 22 लाभार्थियों को सब्जी बीज एवं कीटनाशक दवाएं उपलब्ध कराईं। पशुपालन विभाग ने 12 लाभार्थियों को पशु औषधियां वितरित करते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने चार लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। ग्रामीण विकास विभाग ने आठ लाभार्थियों को बीपीएल प्रमाण-पत्र जॉब कार्ड एवं अन्य प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों ने भी पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ परामर्श एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में स्वास्थ्य समाज कल्याण पंचायती राज विद्युत जल संस्थान उद्योग आयुष तथा शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर प्रमुख क्षेत्र पंचायत दशोली विनीता देवी जिला पंचायत सदस्य संतोषी भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp