Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनसुनवाई एवं सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गुरुवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में थाना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में आमजन की समस्याओं के समाधान सुझावों के आदान-प्रदान तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में थाना देवप्रयाग पुलिस ने ग्राम सिरालाखाल थाना सतपुली पुलिस ने सतपुली कॉलेज परिसर तथा कोतवाली पौड़ी पुलिस ने ग्राम सभा बूढ़ा कोट बमठी और ग्राम छतकोट में थाना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रमों में ग्राम प्रधानों सीएलजी सदस्यों संभ्रांत नागरिकों महिलाओं युवाओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। थाना दिवस के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों की समस्याओं शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव था उनका तत्काल निस्तारण किया गया जबकि अन्य विभागों से संबंधित मामलों को नियमानुसार संबंधित विभागों को भेजने का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। डिजिटल अरेस्ट ऑनलाइन ठगी फर्जी लिंक ओटीपी साझा करने के जोखिम बैंकिंग फ्रॉड तथा सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा सड़क सुरक्षा यातायात नियमों के पालन हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग नशे के दुष्प्रभाव तथा नशीले पदार्थों के सेवन एवं उनके अवैध कारोबार की रोकथाम को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि साइबर अपराध अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। थाना दिवस कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसहयोग से सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp