Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड मुख्यालय नारसन सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी एवं राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल की संयुक्त अध्यक्षता में हुआ। शिविर में 264 क्षेत्रवासियों ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जबकि 20 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित 11 समस्याएं दर्ज कराई गईं जिनमें से 6 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा रही है तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा सुशासन के माध्यम से पारदर्शिता स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में कई महत्वाकांक्षी योजनाएं लागू करने के साथ समान नागरिक संहिता और सशक्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय भी लिए हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से 36 पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत वैल्यू चेन योजना के तहत गणेश स्वयं सहायता समूह को पांच लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा लोगों को विभिन्न सेवाएं प्रदान की गईं। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी नारसन पवन सिंह सैनी ने किया। इस अवसर पर रुड़की भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह प्रदेश महामंत्री देवी सिंह राणा ब्लॉक प्रमुख कोमल चौधरी वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी विभिन्न क्षेत्रों के ग्राम प्रधान जनप्रतिनिधि संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp