Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के दूरस्थ एवं संचार सुविधा से वंचित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क एवं दूरसंचार सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार स्थित एनआईसी कक्ष में जिला संचार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचार सेवाओं के विस्तार नेटवर्क गुणवत्ता में सुधार तथा स्वीकृत मोबाइल टावरों की स्थापना में तेजी लाने के साथ विभिन्न विभागों एवं संचार कंपनियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नेटवर्क की कम गुणवत्ता वाले तथा संचार सुविधा से वंचित चिन्हित क्षेत्रों का सर्वे शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों की सूची पहले ही संचार कंपनियों को उपलब्ध कराई जा चुकी है वहां आवश्यक प्रस्ताव एवं कार्ययोजना तैयार कर नेटवर्क विस्तार के कार्यों में तेजी लाई जाए। बैठक में बताया गया कि पंचायत राज विभाग के माध्यम से कराए गए सर्वेक्षण में जनपद के 92 गांव ऐसे चिन्हित किए गए थे जहां मोबाइल संचार की गुणवत्ता अत्यंत कमजोर थी अथवा संचार सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इनमें से अब तक 16 गांवों में मोबाइल संचार सुविधा उपलब्ध करा दी गई है तथा आठ स्थानों पर नेटवर्क विस्तार का कार्य प्रगति पर है। शेष चिन्हित क्षेत्रों में सर्वेक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई जारी है। संचार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण जिन मोबाइल टावरों का संचालन विद्युत संयोजन न होने से शुरू नहीं हो पाया था वहां अब विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराकर टावरों का संचालन शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचार सेवाओं की नियमित समीक्षा करने स्थानीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेने तथा संबंधित विभागों और संचार कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संचार कंपनियों को जनपद में प्रस्तावित एवं प्रगतिरत कार्यों की अद्यतन जानकारी प्रशासन के साथ साझा करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा। उन्होंने लैंसडौन क्षेत्र में स्वीकृत दो मोबाइल टावरों की स्थापना का कार्य बिना विलंब शुरू कराने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर संचार सुविधाओं का लाभ मिल सके। संचार सुविधाओं की गुणवत्ता को लेकर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। संचार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि अधिकांश शिकायतों का समाधान कर दिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को स्थानीय निवासियों से फीडबैक प्राप्त कर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी रेखीय विभागों एवं संचार कंपनियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण चौड़ीकरण एवं सड़क किनारे नालियों की खुदाई के दौरान ऑप्टिकल फाइबर केबल एवं अन्य संचार लाइनों को क्षति न पहुंचे इसके लिए संबंधित कार्यदायी विभाग एवं संचार कंपनियां पूर्व समन्वय स्थापित करें। उन्होंने निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक सूचना के आदान-प्रदान एवं तकनीकी समन्वय को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि जनसंचार सेवाएं बाधित न हों। बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर.चौहान एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट जेटीओ बीएसएनएल सुमित शर्मा सहायक अभियंता डीडीए रणवीर सिंह अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पौड़ी संजय कुमार सहित जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp