प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बेस अस्पताल श्रीनगर में सुरक्षा कर्मियों की ईमानदारी और तत्परता का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। इलाज के लिए बडियारगढ़ क्षेत्र से आई एक महिला का पर्स अस्पताल परिसर में कहीं गिर गया। पर्स में ₹3500 नकद सहित अन्य जरूरी सामान था। पर्स खो जाने से महिला बेहद परेशान हो गई क्योंकि उसी पैसे से उसे वापस घर लौटना था। इसी दौरान सुरक्षा व्यवस्था के सुपरवाइजर राजेन्द्र प्रसाद भट्ट के निर्देशन में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी जयवीर रावत को अस्पताल परिसर में लावारिस अवस्था में पर्स मिला। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए तुरंत इसकी सूचना वॉकी-टॉकी के माध्यम से कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में अनाउंसमेंट कराया गया। अनाउंसमेंट सुनकर महिला इमरजेंसी के पास पहुंची जहां पहचान की पुष्टि के बाद उसका पर्स सुरक्षित वापस सौंप दिया गया। पर्स में रखे पूरे ₹3500 सुरक्षित मिले। अपना खोया हुआ पर्स वापस पाकर महिला भावुक हो गई। उसने बताया कि यदि पर्स नहीं मिलता तो उसके पास घर लौटने तक का किराया भी नहीं बचता। महिला ने सुरक्षा कर्मी जयवीर रावत और पूरी सुरक्षा टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर सराहना की। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि सुरक्षा कर्मियों की सजगता ईमानदारी और जिम्मेदारी लोगों के विश्वास को मजबूत करने का काम करती है।
बेस अस्पताल श्रीनगर में ईमानदारी की मिसाल सुरक्षा कर्मियों ने महिला को लौटाया ₹3500 से भरा खोया पर्स
