Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत भारत सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार लाभार्थियों की पात्रता एवं अपात्रता के निर्धारण के लिए जनपद की विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में खुली बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 09 जुलाई 2026 को विकासखंड रुड़की की ग्राम पंचायत टोडा कल्याणपुर एहतमाल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संबंध में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन ग्राम विकास अधिकारी टिंकू चौहान ने किया। बैठक में ग्राम प्रधान पंचायत प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान ग्राम विकास अधिकारी द्वारा पात्र लाभार्थियों की सूची उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। साथ ही लाभार्थियों की सूची पूर्व में पंचायत भवन पर सार्वजनिक सूचना के लिए भी चस्पा की गई थी ताकि ग्रामीणों को इसकी जानकारी समय रहते उपलब्ध हो सके। खुली बैठक के दौरान ग्रामीणों की ओर से कुल पांच आपत्तियां प्राप्त हुईं। संबंधित आपत्तियों का मौके पर ही परीक्षण करते हुए उनका निस्तारण कर दिया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का निष्पक्ष चयन सुनिश्चित करना तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना रहा। बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने योजना के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त किया तथा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ बैठक का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp