Spread the love

प्रदीप कुमार
ज्योतिर्मठ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड ज्योतिर्मठ की ग्राम पंचायत सेलंग में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी आवश्यक सेवाएं तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। इसके साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित समाधान भी किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों को कुल 37 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 25 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रमाण-पत्रों से संबंधित 81 आवेदन भी प्राप्त हुए जिन पर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से कुल 317 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान की गईं। कृषि विभाग ने 5 किसानों को योजनाओं का लाभ दिया जबकि उद्यान विभाग ने 8 लाभार्थियों को विभागीय सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई। समाज कल्याण विभाग ने 25 पात्र व्यक्तियों का पेंशन सत्यापन किया तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। बाल विकास विभाग ने 15 पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की जबकि पशुपालन विभाग ने 4 पशुपालकों को पशु औषधियां उपलब्ध कराईं। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 45 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। होम्योपैथिक विभाग ने 76 तथा आयुर्वेदिक विभाग ने 26 लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराईं। सैनिक कल्याण विभाग ने भी 8 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीण विकास विभाग ने 39 श्रमिकों की ई-केवाईसी कराई तथा मनरेगा के अंतर्गत लगभग 9.50 लाख रुपये का भुगतान किया। आधार सेवा शिविर के माध्यम से 15 लोगों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। श्रम विभाग ने 3 जल संस्थान ने 8 पंचायती राज विभाग ने 17 यूपीसीएल ने 10 शिक्षा विभाग ने 6 तथा कोषागार विभाग ने 7 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान की। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता आवेदन प्रक्रिया तथा सरकारी सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। साथ ही लोगों से शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ब्लॉक प्रमुख ज्योतिर्मठ अनूप नेगी बीकेटीसी के पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुचिता चौहान क्षेत्र पंचायत सदस्य सेलंग वर्षा देवी ग्राम प्रधान सेलंग रोशनी देवी ग्राम प्रधान भंग्यूल मिथिलेश सिंह ग्राम प्रधान लामबगड़ गीना चौहान ग्राम प्रधान थैंग गीरा पंवार ग्राम प्रधान डुंग्रा रीना देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp