Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सेवा सप्ताह के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद पहले दिन बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे जहां 87 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों और तकनीकी टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.हेमा असवाल ने 11 नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.धनेश्वरी ने 15 फिजीशियन डॉ.महेश जोशी ने 48 तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.संजीव कटारा ने 13 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर के दौरान 58 मरीजों के एक्स-रे किए गए जबकि 61 लोगों के रक्त की विभिन्न प्रकार की जांच की गई। इसके अलावा 26 ग्रामीणों के आभा कार्ड तथा नौ लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए जिससे उन्हें भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी ने बताया कि यह विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर 12 जुलाई तक संचालित रहेगा। उन्होंने कहा कि 11 एवं 12 जुलाई को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम विभिन्न रोगों की जांच उपचार एवं परामर्श की सेवाएं उपलब्ध कराएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.गोपाल सजवाण डॉ.मोनिका सजवाण डॉ.मोहित सिंहमार दृष्टिमितिज्ञ राजेश पुरोहित ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अमित मैठाणी लेखाकार अमित नौडियाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp