प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार-2026 के तहत हरिद्वार पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बहादराबाद क्षेत्र से एक युवक को नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से आठ प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद के नेतृत्व में अवैध शराब मादक पदार्थों नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान कोर कॉलेज के पास स्थित खंडहर के समीप एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से आठ नशीले इंजेक्शन बरामद हुए जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वह दिन में मजदूरी करता है और शाम के समय रावली महदूद क्षेत्र में चाउमीन का ठेला लगाता है। अधिक कमाई के लालच में उसने नशीले इंजेक्शनों की बिक्री शुरू कर दी थी। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने ये इंजेक्शन रावली महदूद क्षेत्र के एक व्यक्ति से खरीदे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर नशीले इंजेक्शन उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार सिंह पुत्र ठकुरी सिंह मूल निवासी ग्राम बरोली थाना बागचिनी जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी ग्राम औरंगाबाद थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आठ लीजेसिक (Buprenorphine) नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक उमेश कुमार कांस्टेबल चन्दन सिंह तथा हेड कांस्टेबल अभिषेक की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले इंजेक्शन मादक पदार्थों और अन्य नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
