Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के सफल सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर बहादराबाद पुलिस ने होटल व्यवसायियों रेस्टोरेंट एवं ढाबा संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी से सहयोग की अपील की गई। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र स्थित शांतिरशाह चौकी परिसर में आयोजित गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक ने होटल रेस्टोरेंट एवं ढाबा संचालकों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले शिवभक्तों और कांवड़ियों को स्वच्छ शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण वैष्णव भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने पर जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। बैठक में प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने खाद्य सामग्री निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और अनियमितता से बचने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवसायी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित व्यवसायियों एवं गणमान्य लोगों से प्रशासन और पुलिस का पूरा सहयोग करने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बैठक में मौजूद सभी होटल रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *