प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने नकली करेंसी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से गिरोह के दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.10 लाख रुपये के नकली नोट नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर तथा एक कार बरामद की है। इस कार्रवाई को फेक करेंसी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। कुछ दिन पूर्व हरिद्वार कोतवाली नगर पुलिस ने चार आरोपियों—सरजीत सिंह टिंकू सुमित कुमार और संजीव कुमार—को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 84,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए थे। चारों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया था। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने टिंकू और सुमित को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ में मिली अहम जानकारियों के आधार पर हरिद्वार पुलिस की टीम पंजाब पहुंची और लगातार कड़ी मशक्कत के बाद गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने पंजाब में बापू दा ढाबा मुद्दल बाईपास पठानकोट हाईवे के पास से पवन कुमार को 5,000 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। इसके बाद सुखबीर सिंह को 1 लाख रुपये के नकली नोट नकली करेंसी तैयार करने में प्रयुक्त प्रिंटर तथा एक वरना कार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि पवन कुमार ढाबा संचालक है और ढाबे की आड़ में नकली नोटों का कारोबार करता था जबकि सुखबीर सिंह कपड़ों के व्यवसाय की आड़ में इस अवैध धंधे को संचालित कर रहा था। आरोपियों द्वारा 50 हजार रुपये असली लेकर बदले में 1 लाख रुपये के नकली नोट उपलब्ध कराए जाते थे और इसी तरह मोटा मुनाफा कमाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि सुखबीर सिंह वर्ष 2020 में बैंक धोखाधड़ी तथा वर्ष 2024 में नकली करेंसी के मामले में पंजाब में जेल जा चुका है। वहीं पवन कुमार वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल गया था। जेल में ही दोनों की दोस्ती हुई और वहीं से नकली नोट तैयार कर अवैध कमाई करने की योजना बनाई गई। हरिद्वार पुलिस अब दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार निवासी ग्राम शिखर तहसील डेरा बाबा नानक जिला गुरदासपुर (पंजाब) तथा सुखबीर सिंह निवासी भटिक्के जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल हेड कांस्टेबल संजय पाल हेड कांस्टेबल सतीश नौटियाल कांस्टेबल सुनील चौहान और कांस्टेबल अजीत तोमर की टीम ने अंजाम दिया।
