प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान सबसे पहले विष्णु कश्यप निवासी कुंज गली खड़खड़ी हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 22 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब (माल्टा मार्का) बरामद हुई। दूसरी कार्रवाई में निर्मल निवासी 6 नंबर टंकी मायापुर हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 24 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब (माल्टा मार्का) बरामद की गई। तीसरी कार्रवाई में घनश्याम निवासी गोसाईं गली भीमगोड़ा हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 20 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब तथा 19 पव्वे अंग्रेजी शराब (इम्पीरियल ब्लू) बरामद हुई। कोतवाली नगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को कांस्टेबल पवनीश कवि कांस्टेबल राहुल धानिक कांस्टेबल सचिन पाण्डेय कांस्टेबल अर्जुन कांस्टेबल हेमंत तथा कांस्टेबल सतेन्द्र भण्डारी की पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
