प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से थाना दिवस एवं पुलिस-जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों महिलाओं वरिष्ठजनों सीएलजी सदस्यों ग्राम सुरक्षा समिति के प्रतिनिधियों जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में श्रीनगर पुलिस ने सरस्वती शिशु विद्यामंदिर श्रीकोट कोटद्वार पुलिस ने झंडीचौड़ तथा महिला थाना श्रीनगर में थाना दिवस कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं आवश्यकताओं सुझावों और स्थानीय परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की तथा जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। पुलिस अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण का भरोसा दिलाते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से पुलिस के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव ऑनलाइन ठगी से सुरक्षा महिला सुरक्षा यातायात नियमों का पालन कानून एवं शांति व्यवस्था जनसुरक्षा तथा सामुदायिक पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि साइबर अपराध नशा तस्करी असामाजिक तत्वों अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पौड़ी पुलिस ने कहा कि थाना दिवस एवं पुलिस-जनसंवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करना स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा समाज को अपराध एवं साइबर ठगी के प्रति जागरूक बनाना है। ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
