प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेले के सफल सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ मेले से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले से पहले सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का समन्वय के साथ निर्वहन करते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कानून-व्यवस्था यातायात प्रबंधन पार्किंग बैरिकेडिंग प्रकाश व्यवस्था पेयजल शौचालय स्वच्छता स्वास्थ्य सेवाएं एम्बुलेंस अग्निशमन खाद्य सुरक्षा विद्युत आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेला क्षेत्र के सभी होटल रेस्टोरेंट, ढाबों एवं भोजनालयों में खाद्य पदार्थों और सेवाओं की रेट लिस्ट प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से चस्पा कराई जाए ताकि श्रद्धालुओं से निर्धारित दरों से अधिक शुल्क न वसूला जा सके। उन्होंने सिंचाई विभाग एवं जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों तथा कांवड़ पटरी मार्गों के गड्ढों का तत्काल भराव कराया जाए और मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की छंटाई कराई जाए जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न आए। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग हरिद्वार तथा उत्तर प्रदेश के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेला शुरू होने से पहले सभी घाटों की मरम्मत सुरक्षा चेन की स्थापना एवं मरम्मत तथा सुरक्षा एवं सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान एवं आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने सभी विभागों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कमियों का तत्काल निराकरण करने तथा प्रत्येक व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जिससे कांवड़ मेला सुरक्षित सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चन्द महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी जिला क्रीड़ा अधिकारी रवींद्र भंडारी जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार स्वजल नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे जबकि ब्लॉक एवं तहसील मुख्यालयों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।
