प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम में कुल 82 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए जिनके त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करते हुए एक माह से अधिक समय से लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों से संबंधित सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। मानसून सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहने तथा हर समय अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्युत पेयजल एवं पूर्ति विभागों को भी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए। पूर्व सैनिक समाज सेवा संगठन चौरास के अध्यक्ष सूबेदार मेजर यशवंत सिंह रौतेला ने बताया कि चौरास क्षेत्र में लगभग 500 पूर्व सैनिक निवास करते हैं लेकिन राष्ट्रीय पर्व शहीद दिवस शौर्य दिवस एवं संगठन की बैठकों के लिए कोई भवन उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में औचित्यपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विकासखंड घनसाली के ग्राम चांजी तल्ली निवासी सोहनलता रावत ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके खेत में बिना अनुमति एवं सूचना के विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया तथा दो विद्युत पोल भी खड़े कर दिए गए हैं। इस मामले में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसील नैनबाग के ग्राम मोगी निवासी आशीष दास ने बताया कि वह अस्थायी मानसिक दिव्यांगता से पीड़ित हैं तथा पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर हो गई है। उन्होंने बताया कि वह जिला प्रशासन की ‘मिशन शतक’ परीक्षा के मेधावी छात्र रह चुके हैं और उन्हें प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी तथा राष्ट्रीय नमामि गंगे कार्यक्रम के प्रमाण पत्र भी प्राप्त हैं। जिलाधिकारी ने सेवायोजन अधिकारी को उनकी शिकायत पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम गोठ निवासी जगत राम चमोली ने क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत आपदा मद से कराए जाने की मांग की जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
