प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 17 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। जनता मिलन कार्यक्रम में मुसाढुंग की प्रधान सजनी देवी ने तैला-विजयनगर तथा सूर्यप्रयाग-मुसाढुंग मोटर मार्ग के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा कुछ परिवारों को अब तक नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। नगर पालिका वार्ड संख्या-7 गुलाबराय निवासी केवलानंद ने अपने आवासीय भवन की सुरक्षा के लिए भीमल का पेड़ काटने की अनुमति देने का अनुरोध किया। उदियाणगांव निवासी महेंद्र पंवार ने हाल की भारी बारिश से उनके मकान के पुस्ते के क्षतिग्रस्त होने तथा पेयजल लाइन टूट जाने की समस्या उठाई और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। गडमिल निवासी दशरथ बुटोला ने पिछले 10-12 दिनों से गांव में पेयजल आपूर्ति ठप होने की शिकायत दर्ज कराई। कंडाली गांव की प्रियंका देवी ने आर्थिक रूप से कमजोर होने तथा पक्का मकान नहीं होने का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की मांग की। इस प्रकार प्राप्त 17 शिकायतों में से 8 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया जबकि शेष मामलों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी जिला कार्यालय और संबंधित शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एल-1 एवं एल-2 स्तर पर लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों में एल-1 पर 129 तथा एल-2 पर 27 शिकायतें लंबित हैं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 1 जनवरी 2026 से 13 जुलाई 2026 तक सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर कुल 2257 शिकायतें दर्ज हुईं जिनमें से 2101 का निस्तारण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई से सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर जनसेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक जनपद स्तर पर सात शिविर लगाए जा चुके हैं जिनमें प्राप्त 297 शिकायतों में से 280 का समाधान किया जा चुका है। इसके अलावा शिविरों में 315 विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र बनाए गए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से 1445 लोगों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी जखोली के उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया ऊखीमठ के उपजिलाधिकारी अनिल रावत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रामप्रकाश मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.आशीष रावत उप प्रभागीय वनाधिकारी डीएम पुंडीर जिला पूर्ति अधिकारी के.एस.कोहली शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी विनोद कुमार सहित मत्स्य सिंचाई पीएमजीएसवाई और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीण उपस्थित रहे।
